• Thu. Jul 23rd, 2026

अग्निवीर भर्ती रैली-2026 की तैयारियों को लेकर बैठक

अग्निवीर भर्ती रैली-2026 की तैयारियों को लेकर बैठक

जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में बैठक

राँची :- अग्निवीर भर्ती रैली-2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में भर्ती रैली के दौरान अभ्यर्थियों की सुविधा, सुरक्षा एवं आवश्यक आधारभूत व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। बैठक में अनुमण्डल पदाधिकारी, सदर कुमार रजत, सहायक समाहर्त्ता आस्था शरण, अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय, जिला नजारत उपसमाहर्त्ता सुदेश कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी वसीम अहमद, जिला शिक्षा अधीक्षक बादल राज, जिला खेल पदाधिकारी शिवेन्द्र कुमार, पुलिस उपाधीक्षक सदर संजीव कुमार बेसरा, पुलिस अधीक्षक (यातायात) सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं सेना के प्रतिनिधि उपस्थित थे। बैठक के दौरान सेना के अधिकारी एम.के. शर्मा ने बताया कि अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन 1 सितंबर 2026 से प्रारंभ होगा, जो लगभग 12 से 13 दिनों तक प्रस्तावित हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से भर्ती रैली के सफल संचालन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने का आग्रह किया। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी सभी व्यवस्थाएं शत-प्रतिशत गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वाेच्च प्राथमिकता होगी। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची मंजूनाथ भजन्त्री ने भर्ती स्थल पर पर्याप्त मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने एम्बुलेंस, चिकित्सकों की तैनाती, स्ट्रेचर, कूलिंग रूम तथा आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि दौड़ अथवा अन्य गतिविधियों के दौरान किसी भी अभ्यर्थी की तबीयत बिगड़ने पर तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने मौसम को ध्यान में रखते हुए वाटरप्रूफ जर्मन शेल्टर, पर्याप्त रेस्ट एरिया, बैरिकेडिंग, आवश्यक स्थानों पर कार्पेट, बैठने की व्यवस्था तथा अभ्यर्थियों के लिए सुरक्षित एवं व्यवस्थित प्रतीक्षा स्थल तैयार करने के निर्देश दिए।

बैठक में सेना के अधिकारी द्वारा बताया गया कि अभ्यर्थियों की रात 12 बजे से प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ होगी। इसे देखते हुए जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची मंजूनाथ भजन्त्री ने भर्ती स्थल पर पर्याप्त लाइटिंग, जेनरेटर बैकअप, एलईडी स्क्रीन, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, इंटरनेट सुविधा, स्वच्छता एवं हाइजीन-सैनिटेशन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। इसके अलावा मोबाइल शौचालय, पर्याप्त पेयजल, नियमित कचरा निष्पादन एवं साफ-सफाई तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। टेंट, आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर, फूड एंड बेवरेज एवं साफ-सफाई की व्यवस्था के लिए रांची नगर निगम सहित संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची मंजूनाथ भजन्त्री ने भर्ती स्थल एवं उसके बाहरी क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित पेट्रोलिंग तथा समुचित सुरक्षा प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध ढंग से सभी तैयारियां पूर्ण करने तथा भर्ती रैली के सफल आयोजन हेतु आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।