उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक
22 जुलाई को सभी मतदान केंद्रों पर होगी बीएलओ-बीएलए-2 की बैठक व चुनाव पाठशाला
राँची :- विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 अंतर्गत 22 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली बीएलओ एवं बीएलए-2 की तीसरी बैठक एवं चुनाव पाठशाला के सफल आयोजन को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला अंतर्गत सभी विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक समाहर्त्ता, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक में 22 जुलाई को सभी मतदान केन्द्रों पर आयोजित होने वाली चुनाव पाठशाला के उद्देश्यों एवं कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची मंजूनाथ भजन्त्री ने बताया कि चुनाव पाठशाला का उद्देश्य एएसडीडी सूची को अंतिम रूप देना, प्राप्त ऐनुमैरेशन फॉर्म का संग्रहण एवं सत्यापन सुनिश्चित करना, एक परिवार के सभी पात्र मतदाताओं को एक ही मतदान केंद्र से जोड़ना तथा विदेशी नागरिकों से संबंधित प्राप्त सूचनाओं पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करना है, ताकि कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो और कोई पात्र मतदाता छूटने न पाए। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि 22 जुलाई को आयोजित होने वाली बीएलओ एवं बीएलए-2 एवं चुनाव पाठशाला की तीसरी बैठक विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से निर्धारित समय पर उपस्थित होकर अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने बीएलए-2 के माध्यम से संबंधित बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित कर 29 जुलाई 2026 से पूर्व ऐनुमैरेशन फॉर्म के शत-प्रतिशत संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन में सक्रिय सहयोग करें। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों की सहभागिता से मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाया जा सकता है।
बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने विगत विशेष गहन पुनरीक्षण में मतदाताओं के नाम खोजने में आने वाली कठिनाइयों का उल्लेख किया। इस पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, रांची मंजूनाथ भजन्त्री ने सभागार में ही ऑनलाइन माध्यम से नाम खोजने की प्रक्रिया का प्रदर्शन करते हुए संबंधित पोर्टल पर मतदाताओं का विवरण आसानी से खोजने की जानकारी दी तथा उपस्थित प्रतिनिधियों की शंकाओं का समाधान किया।

